
संयुक्त व्यापार मंडल बलिया की हुई बैठक, लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय



बलिया। संयुक्त व्यापार मंडल बलिया की एक बैठक गुरुद्वारा रोड स्थित एक प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान में आयोजित की गई। जिसमें फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एवं दवा व्यापारी अरुण कुमार गुप्ता को सुबह उनके निजी आवास कासिम बाजार शहर कोतवाली बलिया के पास दो अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने की घटना की कारोबारियों ने घोर निंदा की।


आज पुलिस अधीक्षक से मिलेंगा व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल
इस अवसर पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने शहर के मध्य हुई घटना पर आक्रोश भी प्रकट किया। इसकी अध्यक्षता अरविंद गांधी प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश में किया तथा संचालन मंजय सिंह जिला अध्यक्ष पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल बलिया द्वारा किया गया।

बैठक में सर्व सम्मत से निर्णय लिया गया कि गुरुवार को पुलिस अधीक्षक बलिया से कार्यालय पर 10:00 बजे संयुक्त व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल मिलेगा। पूरी घटना की जानकारी लेगा और अब तक की कार्रवाई से अवगत होगा। उसके बाद संयुक्त व्यापार मंडल बैठक कर अगली रणनीति तय करेगा।


दिनदहाड़े व्यापारी नेता को गोली मारना कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान !- अरविंद गांधी
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी ने कहा कि यह घटना दुखद है। जनपद के व्यापारियों में इसे लेकर आक्रोश व्याप्त है। घटना में पुलिस प्रशासन की घोर लापरवाही सामने आई है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में व्यापारी नेता को गोली मारना कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि घटना के जितने भी निंदा की जाए कम है। बलिया के पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना की जानकारी ली जाएगी। इस संबंध में अबतक क्या प्रगति हुई और क्या कार्रवाई हुई इसकी भी जानकारी ली जाएगी ? उसके बाद संयुक्त व्यापार मंडल आगे क्या करना है इसका निर्णय लेगा।


सीसीटीवी कैमरा न लगने से अपराधियों को पहचानना मुश्किल -प्रदीप कुमार वर्मा
वरिष्ठ व्यापारी नेता व प्रदेश अध्यक्ष पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि शहर में प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरा लगा होता तो अपराधी तुरंत पकड़ में आ जाते हैं। लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन की गश्त में भी लापरवाही बरती जा रही है। इसी कारण सरेराह बेखौफ बदमाशों ने घटना को अंजाम दे, आराम से फरार हो गए। घटना का खुलासा व हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उधर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश और देश के आला अधिकारियों से बात किया है। मामले का जल्द से जल्द खुलासा होगा। घटना को लेकर व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे।


गलीकांड से बलिया के व्यापारी आहत-सुनील ‘परख’
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री सुनील कुमार “परख” ने कहा कि घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। शहर के बीचो-बीच अल सुबह वारदात को अजाम देना और हमलावरों का भाग निकलना यह पुलिस प्रशासन की नाकामी है। जिला मुख्यालय पर हुई घटना से बलिया के व्यापारी आहत हैं। इसका तत्काल खुलासा नहीं हुआ तो बैठक कर संयुक्त व्यापार मंडल आगे की रणनीति तय करेगा।

बुल्डोजर व खाकी का खौफ खत्म, प्रदेश के व्यापारी दहशत में -लक्ष्मण गुप्ता
बलिया जनपद में व्यापारी नेता अरुण गुप्ता के साथ हुई गोली कांड की घटना से जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के व्यापारी दहशत में हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व वरिष्ठ व्यापारी नेता लक्ष्मण गुप्ता ने कहा कि योगी राज में बुल्डोजर एवं खाकी का खौफ खत्म हो गया है। आम आदमी तक ही खाकी का खौफ व बुल्डोजर की कार्रवाई सिमट कर रह गई है। अपराधी बेखौफ हैं। इन पर कोई लगाम नहीं है। प्रदेश में जो हो रहा है वह मीडिया में दिखाया तक नहीं जा रहा है। आम आदमी के साथ अब व्यापारी भी उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी नेता अरुण गुप्ता के साथ हुई घटना का तत्काल खुलासा किया जाए अन्यथा व्यापारी सड़क से सदन तक लड़ने को तैयार हैं।



,
इस मौके पर व्यापारी नेता रजनीकांत सिंह प्रदेश संयुक्त मंत्री, टुनटुंडी सर्राफ जिला अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष मंजय सिंह, विजय शंकर गुप्ता जिला संयोजक भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, जिला उपाध्यक्ष आकाश पटेल, राहुल कुमार गुप्ता व्यापारी नेता, संतोष गुप्ता, काशीनाथ वर्मा, प्रीतम गुप्ता, दीपक गुप्ता, महेश गुप्ता, रजनीश गुप्ता, राजेश गुप्ता, अनिल सिंह, मदन जी वर्मा, राजकुमार वर्मा, अंकुश गुप्ता, राकेश गुप्ता आदि बहुत सारे व्यापारियों ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता करते हुए अरविंद गांधी प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने सबके प्रति आभार प्रकट किया और आगे की लड़ाई में एकजुट रहने का आह्वान किया।

