
घर के पास टहल रहे थे व्यापारी नेता अरूण गुप्ता
बलिया। शहर कोतवाली अंतर्गत शहीद चौक -कासिम बाजार रोड में बुलेट सवार बदमाशों ने प्रसिद्ध दवा कारोबारी को गोली मार दी।इसकी खबर मिलते ही बाजार में खलबली मच गई। आस-पास के लोगों ने इलाज के लिए उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया।


उधर घटना की सूचना पाकर ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी ब्रजेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच पड़ताल में जुट गए। कारोबारी पर दिनहाड़े गोली चलाए जाने की जानकारी पर व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जताई है।


शहर कोतवाली के गुरुद्वारा रोड़ निवासी अरुण गुप्ता दवा व्यापारी है। सुबह घर के पास टहल रहे थे, उसी दौरान बुलेट सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचकर बातचीत करने लगे। इस दौरान हथियार सटा कर कमर के पास गोली मार दी। इसके बाद अरूण गुप्ता जमीन पर गिरकर अचेत हो गए।


बता दें कि शहर के मध्य गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने घायल दवा कारोबारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया, इसके बाद हालत को नाजुक देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर व्यापारियों में दहशत का माहौल है।


बेटी का इशारा अपनों की ओर..
बलिया। पिता को गोली लगने के बाद मीडिया को बयान देते हुए बेटी फाल्गुनी ने बताया कि हमारे परिवार को देखकर बहुत लोग जलने वाले हैं। रही बात दुश्मनी की तो बहुत दुश्मन है, कुछ दुश्मन तो हमारे खुदके घर के लोग है, जो हम लोगों से जलते हैं। ऐसे में दुश्मन बाहरी है या भीतरी यह बताना मुश्किल है ?


आज एसपी से मिलेगा संयुक्त व्यापार मंडल का प्रतिनिधि मंडल
बलिया। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता पर आज सुबह उनके कासिम बाजार स्थित आवास पर दो अज्ञात लोगों ने गोली चलाई। घटना के बाद गुरुद्वारा रोड स्थित एक निजी संस्थान में संयुक्त व्यापार मंडल की आकस्मिक बैठक हुई। जिसमें व्यापारियों ने घटना की कड़ी निंदा की।


कारोबारियों ने सर्वसम्मति से तय किया कि गुरुवार को संयुक्त व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलेगा। घटना की जानकारी और कार्रवाई की प्रगति जानने के बाद अगली रणनीति तय की जाएगी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी ने घटना को दुखद बताया। पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगे होते तो अपराधी तुरंत पकड़े जाते। गश्त में भी लापरवाही बरती गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित: एएसपी
बलिया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर ने घटना की जानकारी देने के साथ ही बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
